धर्मशाला , जुलाई 31 -- राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
श्री महाजन ने सुल्तानपुर, सरोल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुंचाने को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया है। सांसद ने बचाव और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए चंबा के उपायुक्त के साथ बातचीत करते हुए प्रभावित परिवारों की विस्तृत सूची मांगी और प्रशासन से कहा कि नुकसान का आकलन, राहत वितरण और पुनर्वास का काम पारदर्शी तरीके और तेजी से हो, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार मदद से वंचित न रहे।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार, 27 जुलाई की रात को मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में दो पक्के घरों को पूरी तरह नष्ट हो गए और 26 रिहायशी घरों, एक दुकान, एक गौशाला, एक शौचालय और एक स्कूटर को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा। किसी भी इंसान या मवेशी की जान जाने या किसी के लापता होने की खबर नहीं है। जिला प्रशासन उन दो परिवारों को पहले ही 25 हजार रुपये की तत्काल राहत राशि दे चुका है जिनके घर पूरी तरह नष्ट हो गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित