चंडीगढ़ , जुलाई 05 -- चंडीगढ़ से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने वार्ड नंबर-2 के सेक्टर-7 स्थित सीपीडब्ल्यूडी रिहायशी क्षेत्र में सांसद निधि से करीब सात लाख रुपये की लागत से स्थापित ओपन एयर जिम और बच्चों के झूलों का उद्घाटन कर उन्हें स्थानीय लोगों को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि खुले वातावरण में व्यायाम की सुविधा लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगी जबकि बच्चों के लिए लगाए गए झूले उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इसके बाद सांसद तिवारी ने मौली जागरण के सुंदर नगर स्थित स्मॉल फ्लैट्स क्षेत्र में सांसद निधि से करीब पांच लाख रुपये की लागत से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये कैमरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि विकास कार्य जमीनी स्तर पर दिखाई देने चाहिए और सांसद मनीष तिवारी अपनी सांसद निधि के माध्यम से शहर की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष वंदना रानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित