नयी दिल्ली , अक्टूबर 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व पर दुष्कर्म के आरोपी सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के कुकृत्य को समर्थन देने का आरोप लगाते हुए उन्हें को तत्काल पार्टी के बर्खास्त करने तथा पीड़ित छात्राओं से माफी मांगने की मांग की है।

भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को यहां पर 'नारी शक्ति हुंकार आंदोलन' नाम से प्रदर्शन किया। इस दौरान मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रभारी दग्गुबाती पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित 'आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल' से काँग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' कि ओर बढ़ने लगी, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस प्रदर्शन में पार्टी की महिला सांसद, विधायक, पार्षद और काफी संख्या में भाजपा दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यकर्ता शामिल हुईं।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की आंतरिक समिति की रिपोर्ट में पाया गया कि इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ छात्राओं की ओर से दर्ज कराई गयी यौन उत्पीड़न की सभी शिकायतें सही थीं और समिति ने उन्हें पद से हटाने की सिफारिश की थी।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'पितृसत्ता को समाप्त करो' नारे को लेकर तंज कसते हुए कहा, "मैं पूछना चाहती हूं कि क्या 'पितृसत्ता को खत्म करो' केवल एक राजनीतिक नारा है? अगर ऐसा नहीं है, तो आपने अपने मौजूदा सांसद के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की? यह आपके दोहरे मापदंडों के कारण है।" उन्होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने का आरोपी को लोकसभा में जगह देते हैं और उस पर लगे आरोप पर चुप्पी साधकर उसे संरक्षण देते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव नेता तरुण चुघ ने कहा कि आज देशभर में बेटियां जिला मुख्यालयों पर सड़कों पर उतरी हैं। कांग्रेस सांसद द्वारा किए गये कथित यौन शोषण के मामले को लेकर महिलाएं श्री गांधी के खिलाफ सामूहिक रूप से विरोध जता रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह आक्रोश श्री गांधी को उन आरोपों का सामना करने की चुनौती दे रहा है, जिनके तहत एक कांग्रेस सांसद पर 11 युवतियों के यौन शोषण का आरोप है। उन्होंने कहा कि यौन शोषण के मामले की जांच विश्वविद्यालय की एक समिति ने की थी और आरोपों की पुष्टि होने के बाद संबंधित सांसद को संस्थान से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बावजूद श्री गांधी ऐसे व्यक्ति को पार्टी से निष्कासित नहीं करते हैं और उसे संरक्षण दे रहे हैं।

श्री चुघ ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च निकाले जा रहे हैं और महिलाओं के शोषण के आरोपों का सामना कर रहे लोगों को संरक्षण देने में पार्टी की कथित भूमिका के विरोध में देश के हर जिले में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये थे। आईटीओ की ओर से कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन की ओर से जाने वाले मार्ग पर वैरिकेड लगाकर बाधित कर दिया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए काफी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित