चंडीगढ़ , अगस्त 15 -- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों की महान कुर्बानियों को याद किया।

ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, मलोया में सांसद मनीष तिवारी के नेतृत्व में पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर तिवारी ने कहा कि हमें संवैधानिक मूल्यों के आधार पर काम करते हुए भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर योगदान देना चाहिए।

वहीं, सेक्टर-40 स्थित एमआईजी फ्लैट्स में निवासियों की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि नागरिकों को अपने संवैधानिक अधिकारों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश की संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी और उसे कायम रखने के लिए अनेक महान कुर्बानियां दी हैं।

चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति सांसद तिवारी के खून में बसी है। उनके पिता डॉ. वी.एन. तिवारी ने देश में भाईचारे, एकता और अखंडता को कायम रखने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित