हैदराबाद , अप्रैल 05 -- तेलंगाना में मलकाजगिरी के सांसद ईटाला राजेंदर ने पार्टी बदलने की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने 'बेबुनियाद प्रचारों' से सावधान रहने की चेतावनी दी।

उन्होंने शमीरपेट में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी बदलने की अफवाहें जान-बूझकर फैलाई जा रही हैं और टिप्पणी की कि 'पार्टी बदलना कपड़े बदलने जैसा नहीं है।' उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और ऐसी बातों पर विश्वास न करने का आग्रह किया।

श्री राजेंदर ने अपनी राजनीतिक यात्रा को याद करते हुए कहा कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से निकाले जाने और भाजपा में शामिल होने के बाद से पांच साल बीत चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, जिसमें उनकी संपत्तियों को गिराना और जमीन से जुड़े मुद्दे शामिल थे।

उन्होंने कहा कि वह जल्द ही इन मामलों के संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित