बैतूल , मई 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में सांपना बांध मार्ग पर शनिवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चारसी निवासी विखित बारस्कर (17) अपने साथियों सुरेंद्र धुर्वे और शिवदयाल के साथ जिला अस्पताल से गांव लौट रहा था। उनकी बहन का सांप काटने के बाद जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था। इसी दौरान सांपना बांध के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

घटना के बाद तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विखित बारस्कर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुरेंद्र धुर्वे और शिवदयाल का उपचार शुरू किया गया। सुरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बाइक अनियंत्रित होकर गिरी या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। प्रारंभिक जांच में तीनों युवकों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित