बैतूल , नवंबर 1 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी स्थित सांदीपनि विद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला, नारा लेखन, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय की एनसीसी कैडेट छात्राओं ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की सामूहिक शपथ भी ली।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य विवेक तिवारी ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और देश के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के निर्माण और रियासतों के विलय में सरदार पटेल की भूमिका अतुलनीय रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित