श्रीगंगानगर , फरवरी 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक मोटरसाइकिल की सांड से टक्कर हो जाने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गयी, जबकि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि रात करीब नौ बजे चक 43-एफ निवासी मनफूलराम नायक (40) अपने भांजे राहुल के साथ मजदूरी का काम पूरा करके गांव बडिंगा से अपने गांव लौट रहा था। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। भारतमाला परियोजना मार्ग पर चक 29 एफ के निकट अचानक सड़क के बीचों-बीच आये सांड से मोटर साइकिल टकरा गयी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को निकटवर्ती श्रीकरनपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मनफूलराम नायक की मौत हो गयी। राहुल का उपचार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव आज परिजनों को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित