भोपाल , मई 5 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले स्थित सांची रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्य पूर्ण हो गया है, जिससे यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए स्वरूप में विकसित हुआ है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार विश्व प्रसिद्ध सांची स्तूप के कारण यह स्टेशन देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार है। भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाला यह स्टेशन विभिन्न प्रमुख शहरों से रेल संपर्क द्वारा जुड़ा हुआ है और इसे एनएसजी-4 श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15.32 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का उन्नयन किया गया है। इसमें स्टेशन भवन को आकर्षक बनाया गया है तथा प्लेटफॉर्मों पर बेहतर शेड, आधुनिक बैठने की व्यवस्था और उन्नत सतह विकसित की गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को आधुनिक रूप दिया गया है। स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण कर पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है।
इसके अलावा स्वच्छ शौचालय, प्रतीक्षालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को उन्नत किया गया है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ सहित अन्य व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं तथा परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि पुनर्विकास कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया गया है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित