सहारनपुर , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के नवीन मंडी में आम उत्पादकों और निर्यातकों के बीच रविवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये ।
कृषि विपणन विभाग, विदेश व्यापार विभाग और कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह के दौरान हुए एमओयू के अनुसार 30 टन चौसा तथा लंगड़ा आम का निर्यात किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सहारनपुर के लडवा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और लखनऊ के बीएमएस ऑर्गेनिक एफपीओ के मध्य 30 टन चौसा का निर्यात करने को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये। इस दौरान एसएनडीएस एक्सपोर्ट कंपनी और प्रगतिशील किसान श्री बसंत राणा ने 10 टन गुलाब जामुन आम के क्रय-विक्रय के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किये।
कार्यक्रम में सहारनपुर के मंडी परिषद के उप निदेशक (प्रशासन) देवेन्द्र कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एपीडा, लखनऊ से संबंधित आलोक मिश्रा , मुकेश कुमार, विपणन अधिकारी राहुल यादव, मंडी सचिव देवेन्द्र प्रताप, विपणन निरीक्षक मुकुल कुमार सहित एफपीओ प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, आम निर्यातक और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किसानों एवं निर्यातकों को आम की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, एपीडा पंजीकरण तथा निर्यात प्रक्रिया की जानकारी दी गयी। वक्ताओं ने कहा कि यह एमओयू किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, एफपीओ को सशक्त बनाने तथा सहारनपुर से कृषि एवं बागवानी उत्पादों के निर्यात को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित