सहारनपुर , अप्रैल 6 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रशासन के प्रयासों से लगभग 60 वर्ष से विलुप्त सिंधुली नदी को पुनर्जीवित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल की पहल पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को युद्धस्तर पर पूरा किया गया। करीब 53.53 किलोमीटर लंबी यह नदी नकुड़ तहसील के बिसनपुरा गांव से शुरू होकर शामली जिले के ख्वाजपुर गांव तक जाती है। वर्ष 1960 के बाद यह नदी धीरे-धीरे सूख गई थी और इसके अधिकांश हिस्सों पर अवैध कब्जे हो गए थे।
प्रशासन ने ड्रोन सर्वे और रिमोट सेंसिंग तकनीक की मदद से नदी की पुरानी धारा की पहचान की और मनरेगा के तहत खुदाई कराकर अतिक्रमण हटाए। इस कार्य में राजस्व, ग्राम विकास और सिंचाई विभाग की संयुक्त भूमिका रही। अधिकारियों के अनुसार, अब तक नदी की अधिकांश खुदाई पूरी हो चुकी है और केवल कुछ हिस्सों में काम शेष है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी बरसात में यह नदी फिर से बहती नजर आएगी।
यह नदी पहले क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी। पुनर्जीवन के बाद इससे स्थानीय जल प्रबंधन और खेती को भी लाभ मिलने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित