सहारनपुर , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में चिलकाना क्षेत्र के साईफन पुलिया के पास गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक बदमाश मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे बदमाश बिलाल ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी जंगल और आम के बागों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस टीम द्वारा कांबिंग की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिलाल पुत्र जमशैद निवासी ग्राम टोडरपुर थाना चिलकाना के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल (.32 बोर), पांच जिंदा कारतूस, सात खोखा कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, एक आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन तथा 3100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्री बिंदल ने बताया कि आरोपी थाना चिलकाना का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और थाना सरसावा में दर्ज मोटरसाइकिल लूट के मामले में वांछित चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, चोरी, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित