सहारनपुर , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के आरोप में एक नौकर को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि सलूनी गांव निवासी पवन कुमार ने रविवार को सरसावा थाने में तहरीर देकर अपने नौकर विजय पर घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चिलकाना क्षेत्र के इब्राहीमपुर गांव में रेलवे ओवरब्रिज के पास से आरोपी विजय को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवर बरामद किए गए। बरामद सामान में पीली धातु की दो अंगूठियां, सफेद धातु की एक अंगूठी, झुमकी सहित गले का एक सेट, टॉप्स सहित गले का एक सेट, पीली धातु के दो कंगन, सफेद धातु का एक ओम, सफेद धातु की तीन जोड़ी पाजेब, दो गुच्छे, एक तगड़ी लड़ी, पीली धातु की एक चेन, सफेद धातु की एक जोड़ी कड़ूले और पीली धातु का एक माथे का टीका शामिल है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 22 अगस्त को अपने मालिक पवन के घर से जेवर चोरी किए थे। वह वहां नौकरी करता था और उसने पवन की पत्नी प्रिया को एक-दो बार सेफ में जेवर रखते देखा था। इसके बाद उसके मन में लालच आ गया और उसने जेवर चोरी कर लिए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी किए गए कुछ जेवर बेचने के लिए राहगीर ग्राहक की तलाश में खड़ा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित