सहारनपुर , सितंबर 14 -- सहारनपुर का प्रसिद्ध गुघाल मेला 21 सितंबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर तक चलेगा। 5 सितंबर को सहारनपुर में कलेक्ट्रेट मस्जिद के ध्वस्तीकरण से उपजे संवेदनशील माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन अबकी विशेष सतर्कता बरतेगा।
आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता और एसपी सिटी व्योम बिंदल की मौजूदगी में मेले की तैयारियों और शांति एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक के बाद एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। बिजली, पेयजल, मजबूत बेरीकेटिंग, साफ-सफाई का खास ध्यान रखा जाएगा और भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीयता को प्रोत्साहित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाएगी। मेले में मजिस्ट्रेट और पुलिस अफसरों की संयुक्त ड्यूटी लगाई जाएगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की व्यवस्था के लिए एंबूलेंस एवं चिकित्सकों की व्यवस्था रहेगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित