सहारनपुर , मई 09 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आगामी 18 मई को गागलहेड़ी स्थित रॉयल पैलेस में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्र और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। शनिवार को कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद के कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद, जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, एमएलसी शाहनवाज खान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए काजी इमरान मसूद ने बताया कि 18 मई को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा समेत प्रदेश के सभी कांग्रेस सांसद और कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि देश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में नफरत का माहौल पैदा किया गया है और इसके खिलाफ संघर्ष के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूत एवं संगठित होना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा महिलाओं और दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं, लेकिन इन मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है।

इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा का व्यावसायीकरण कर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर चाहते थे कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचे, लेकिन वर्तमान नीतियों से गरीबों की शिक्षा तक पहुंच कठिन होती जा रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने के प्रयासों को विफल करने के लिए कांग्रेस को अधिक मजबूती के साथ एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि वोट चोरी जैसे कथित षड्यंत्रों को रोकने के लिए हर बूथ पर संगठन को सशक्त करना जरूरी है।

जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिले के 110 मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि हर गांव और पंचायत क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

एमएलसी शाहनवाज खान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, चौधरी इरशाद चेयरमैन और हमजा मसूद ने भी सम्मेलन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर की मजबूती ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता का आधार बनेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित