सहारनपुर , सितम्बर 15 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 17 सितम्बर से अगले एक महीने के लिये सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्येक पात्र को लाभ सुनिश्चित कराना है। इसमें सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होने निर्देशित किया कि सभी विभाग आज ही पूर्ण कार्ययोजना तैयार कर सभी जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोडा जाए। कार्यक्रम जनपद, तहसील, विकासखण्ड के साथ ही ग्राम स्तर पर भी आयोजित किए जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित