सहारनपुर , अक्तूबर 22 -- सहारनपुर नगर निगम ने जल संरक्षण की दिशा में निगम ने ''सैलो एक्यूफर मैनेजमेंट''योजना के अंतर्गत डॉ. अम्बेडकर स्टेडियम से शहर के 11 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की शुरुआत की है। महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि पीपुल्स साइंस इंस्टीट्यूट देहरादून इसमें तकनीकी जानकारी उपलब्ध करायेगी। अम्बेडकर स्टेडियम में रिबन काटकर व नारियल फोड़कर योजना का शुभारंभ किया। महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि भारत सरकार की योजना '' सैलो एक्यूफर मैनेजमेंट'' के तहत नगर निगम वाटर हार्वेस्टिंग योजना का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए भारत सरकार द्वारा चार चरणों में 50 लाख रुपया दिया जायेगा। योजना के लिए तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा पीपुल्स साइंस इंस्टीट्यूट को साथ में जोड़ा गया है।
महाप्रबंधक ने बताया कि महानगर के जिन 11 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जायेगा उनमें अम्बेडकर स्टेडियम के अलावा दिल्ली रोड स्थित काशीराम आवासीय कॉलोनी, एमआरएफ सेंटर के निकट ज्ञान विहार कॉलोनी, मातागढ़ स्थित जलकल विभाग परिसर, कोलागढ़ तालाब, हलालपुर तालाब, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, गुरुनानक गर्ल्स इण्टर कॉलेज, गोगा महाड़ी परिसर, जिला अस्पताल व इस्लामिया डिग्री कॉलेज शामिल है।
इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि जल संरक्षण की दृष्टि से नगर निगम नित नये आयाम स्थापित कर रहा है, जल के जो पोखर मृत प्राय हो गए थे, उनका पुर्नजागरण करना, उनका सौंदर्यीकरण करना तथा दूसरी ओर अतिविशिष्ट तकनीक द्वारा भी जल संरक्षण का कार्य नगर निगम के क्षेत्रों में पहले से चल रहा है। जल की निर्बाध आपूर्ति हो, जल की लीकेज रुके और जल का वेस्टेज बचे, इसके लिए स्कॉडा मानीटरिंग व्यवस्था की गयी है। इस प्रकार जल संचय व जल संरक्षण की दिशा में नगर निगम आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर उपसभापति मयंक गर्ग, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़ व क्षेत्रीय पार्षद राजेंद्र कोहली शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित