सहारनपुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जिला प्रशासन और पुलिस ने होली पर्व को सौहार्द्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि दो मार्च को होलिका दहन और चार मार्च को रंगोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। एसएसपी के अनुसार सहारनपुर नगर के पांच थाना क्षेत्रों में 312 स्थानों पर तथा देहात के 12 थाना क्षेत्रों में 815 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त थाना चिलकाना क्षेत्र में दो स्थानों पर और थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में लगभग 100 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इस प्रकार जनपद में कुल करीब 1250 स्थानों पर होलिका दहन की व्यवस्था है।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि होलिका दहन केवल परंपरागत एवं पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए तथा ऐसे स्थानों का चयन किया जाए जहां आग से किसी संपत्ति को नुकसान न पहुंचे। ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सभी समुदायों से सौहार्द्र और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई है। थानाध्यक्षों एवं उप जिलाधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखेंगे।

चार मार्च को रंगोत्सव के दौरान प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से मद्यनिषेध का पालन करने की भी अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष होली के साथ रमजान माह होने के कारण संवेदनशीलता बढ़ गई है, जिसे ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जुम्मे की नमाज को भी शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए और वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रमुख मस्जिदों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर एसपी सिटी व्योम बिंदल, एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी देहात सागर जैन, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार सिंह और डीआईजी अभिषेक सिंह ने भी सहारनपुर मंडल के लोगों से होली शांतिपूर्वक मनाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित