सहारनपुर , मई 15 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार के पेड़ से टकराने से उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सहारनपुर से नानौता की ओर जा रही स्कॉर्पियो कार ब्लू स्टार होटल के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक सिसोदिया ने बताया कि हादसे में शेखर, अमन और धर्मेंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अंकित और दानिश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक नानौता क्षेत्र के कुआंखेड़ा गांव के निवासी थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित