सहारनपुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के सरसावा क्षेत्र में शनिवार सुबह अंबाला रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) परमिंदर सिंह और उनके चालक रविशंकर की मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार श्रीनगर सेक्टर, जम्मू-कश्मीर में तैनात आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह (48) मसूरी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अपने आवास अंबाला जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे सरसावा थाना क्षेत्र में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से आमने-सामने की टक्कर हो गई।

थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा ने बताया कि हादसे में डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके चालक रविशंकर (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में उनका गनर दयाराम भी घायल हुआ है। दूसरी कार में सवार गुरमैल सिंह (55), उनकी पत्नी देवेंद्र तथा गुरनाम सिंह भी घायल हो गए। सभी घायलों को पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लेने के साथ घटना की जानकारी प्राप्त की।

पुलिस के अनुसार पंजाब के रूपनगर (रोपड़) निवासी परमिंदर सिंह वर्तमान में आईटीबीपी के श्रीनगर सेक्टर में डीआईजी के पद पर तैनात थे, जबकि उनका परिवार अंबाला में रहता है। दूसरी कार में सवार लोग हरिद्वार से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर करनाल लौट रहे थे।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित