सहारनपुर , मार्च 02 -- होली के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के देवबंद नगर सहित पूरे सहारनपुर जिले में विभिन्न मोहल्लों, कॉलोनियों और प्रमुख चौराहों पर महिलाओं ने श्रद्धा एवं उल्लास के साथ होलिका पूजन किया। देवबंद नगर के जनकपुरी, छिम्पीवाड़ा, रेलवे रोड, एमबीडी चौक समेत अनेक स्थानों पर विधि-विधान से होलिका की पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर होलिका की परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर पारंपरिक होली गीतों की मधुर धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

होलिका पूजन के दौरान गोबर से बने चांद, सूरज और तारों की आकृति वाले बरकुले, बेर की माला तथा चरखे के सूत की पूनी का विशेष महत्व देखने को मिला। महिलाओं ने होली की परिक्रमा करते हुए चारों ओर सूत का धागा लपेटा। यह दृश्य नगर के प्रमुख चौराहों पर विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी होलिका पूजन पूरे आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित