सहारनपुर , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में भूमि स्वामित्व को लेकर हुए विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस की कार्रवाई में गुरुवार को अभियुक्त आशीष, सागर और सूरज निवासी ग्राम लालवाला को मंडी गेट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

देवबंद थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि नौ मई को ग्राम लालवाला में दो पक्षों के बीच भूमि स्वामित्व को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। मामले में थाना देवबंद पर मुकदमा अपराध संख्या 329/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा सीएल एक्ट की धारा 7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित