सहारनपुर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रील बनाने के दौरान यमुना नदी में डूब जाने से एक युवक की मौत हो गई। लगभग 20 घंटे चले तलाशी अभियान के बाद उसका शव बरामद किया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव धौलरा निवासी 25 वर्षीय लोकेश अपने भांजे पारस के साथ हरियाणा की ओर गया था। दोनों हथिनीकुंड बैराज के पास यमुना किनारे मोबाइल से रील बना रहे थे। बताया गया कि पहले भांजा पारस नदी में उतरा और मामा लोकेश उसका वीडियो बना रहा था। कुछ देर बाद पारस तैरकर बाहर आ गया। इसके बाद लोकेश नदी में उतरा और पारस उसका वीडियो बनाने लगा।
इस दौरान लोकेश अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। मामा को डूबता देख पारस ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह तथा बादशाही बाग चौकी प्रभारी सचिन त्यागी मौके पर पहुंचे। रात में अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका।
बाद में पुलिस ने पीएसी की फ्लड कंपनी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 20 घंटे बाद लोकेश का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर यमुना नदी से बरामद कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित