सहारनपुर , जून 26 -- सहारनपुर जिले के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में शुक्रवार शाम दो कारों की भिड़ंत में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गये।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बताया कि देहरादून-पंचकुला हाइवे पर टाटा पीआगो कार में पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मृत्यु हो गई और कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबूलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां सुदेश पत्नी चरण सिंह, पुत्रवधु प्रीति और पोते शिवांस और बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में प्रवीण, सहदेव और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिनका उपचार जारी है।
उन्होने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिले के मंडोरा निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ टाटा पीआगो कार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी सुदेश, बहु प्रीति, पोता शिवांस और परिवार के अन्य लोग थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित