सहारनपुर , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नगरायुक्त शिपू गिरि ने गुरुवार को धरना स्थल पार्क तथा जोनल कार्यालय के सामने स्थित पार्क का निरीक्षण किया।

नगरायुक्त ने दोनों पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने, क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर करने तथा सीएम ग्रिड के तहत बनाई गई सड़क के फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगरायुक्त ने वार्ड 34 पंजाबी बाग क्षेत्र के कृष्णापुरम का भी निरीक्षण किया। क्षेत्रीय पार्षद सुधीर पंवार ने उन्हें बताया कि कुछ लोगों ने रेलवे और पुलिस विभाग की भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है तथा वहां कूड़ा-कचरा डालने से जल निकासी अवरुद्ध हो रही है। इससे क्षेत्र में गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

नगरायुक्त ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर तथा अंबाला मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर संबंधित विभागों की भूमि से अतिक्रमण हटवाने और उसे संरक्षित करने का आग्रह किया है। साथ ही जल निकासी व्यवस्था सुचारु कराने में सहयोग करने को कहा है।

अधिकारियों को भेजे पत्र में नगरायुक्त ने कहा कि संबंधित भूमि पर स्थायी अतिक्रमण की संभावना बढ़ रही है, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित होने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है और वहां फैली गंदगी से संक्रामक रोग फैलने की आशंका है।

उन्होंने नगर निगम की टीम के साथ संबंधित भूमि का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराने में सहयोग का अनुरोध किया।

उल्लेखनीय है कि पार्षद सुधीर पंवार ने आठ सितंबर को हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी कृष्णापुरम में अतिक्रमण, गंदगी और जल निकासी बाधित होने का मामला उठाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित