सहारनपुर , मई 9 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के देवबंद कोतवाली क्षेत्र स्थित दलित बहुल गांव लालवाला में शनिवार सुबह दो बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान जमकर पथराव हुआ, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर करीब डेढ़ प्लाटून पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक (देहात) मयंक पाठक ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पथराव और शांति भंग करने वालों की पहचान की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है।

गांव निवासी रविंद्र राणा के अनुसार वर्ष 2008-09 में उनके परिवार ने गांव निवासी नरेश कुमार से खेती की जमीन खरीदी थी, जिसका बैनामा उनके पास मौजूद है। उनका कहना है कि विवादित दो बीघा भूमि पर उनका घेर और डेयरी संचालित है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि उक्त दो बीघा जमीन का कोई वैध बैनामा नहीं है।

पुलिस के मुताबिक शनिवार को गांव के सैकड़ों दलित महिला और पुरुष रविदास मंदिर के पास एकत्र हुए थे। मौके पर भीम आर्मी से जुड़े कुछ लोग भी मौजूद थे। बताया गया कि वे लोग विवादित जमीन पर कब्जा लेने की मांग कर रहे थे और इस संबंध में पहले एसडीएम देवबंद युवराज सिंह को प्रार्थना पत्र भी दिया गया था।

पुलिस निरीक्षक रोजंत त्यागी ने बताया कि एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष पर पथराव किया गया, जिसमें एक महिला मंजू, नरेंद्र सिंह, दूसरे पक्ष के राकेश, उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह तथा चार-पांच पुलिसकर्मियों समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित