सहारनपुर , मई 28 -- सहारनपुर जिले की थाना कुतुबशेर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 435 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में मादक पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर रोकथाम के लिए "ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर" अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में थाना कुतुबशेर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने सलमान उर्फ पिया पुत्र जमशैद निवासी कमेला कॉलोनी, कुरैशियान मस्जिद के पास थाना कोतवाली मंडी, जनपद सहारनपुर को अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर से पहले सड़क किनारे बने खंडहर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 435 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कुतुबशेर में मुकदमा अपराध संख्या 238/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित