सहारनपुर , अक्टूबर 20 -- सहारनपुर में लाखनौर गोल चक्कर के पास मंगलवार तड़के अंबाला हाइवे पर लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर ट्राली बेकाबू होकर आगे चल रही रोड़वेज बस में घुस गई। जिसमें 13 यात्री घायल हो गए।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से उतारा और घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आज सुबह घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जो यात्री घायल हुए थे उनमें दिल्ली, गुड़गांव और बैंगलोंर के रहने वाले हैं। घायलों में दिल्ली के बुराड़ी निवासी लक्खी और विधि, नेहरू नगर निवासी नीतू, राजीव नगर निवासी अमित, साकेत निवासी अर्चना और रागिनी शामिल हैं।

थाना नांगल प्रभारी राधेश्याम यादव ने आज बताया कि ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके पर ही वाहन को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाइवे पर यातायात अवरूद्ध हो गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित