सहारनपुर , अप्रैल 30 -- सहारनपुर जिले की थाना फतेहपुर पुलिस ने अंतर जनपदीय ट्यूबवैल तार चोर गिरोह के पांच शातिर अभियुक्तों अमजद, वंश, नौमान, आकाश और रईस को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने आज शाम बताया कि फतेहपुर के पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा की अगुवाई में पुलिस दल ने इन पांचों शातिर चोरों को कस्बा छुटमलपुर में ईदगाह के पीछे से गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से 25 मीटर सबमर्सिबल केबल, एक वेल्डिंग मशीन, एक टूल बाक्स, एक ग्राइंडर मशील, एक ड्रिल मशीन, ढाई किलो तांबे का तार, दो अर्थिंग राड बरामद की है।
अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान बताया कि ये पांचों दोस्त हैं और एक साथ मिलकर जंगलों में ट्यूबवैल और गांवों में खाली पड़े मकानों और दुकानों आदि जगहों से अपने नशा और पैसों की जरूरत को पूरा करने के लिए चोरी करते हैं और चोरी एवं कबाड़ का सामान खरीदने वाले अज्ञात लोगों को बेच देते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित