सहारनपुर , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहारनपुर जिला प्रशासन ने देवबंद रोड स्थित एक टमाटर सॉस निर्माण इकाई पर कार्रवाई करते हुए करीब 550 किलोग्राम टमाटर सॉस नष्ट कराया तथा फैक्ट्री की उत्पादन मशीन अगले आदेश तक सीज कर दी।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देवबंद रोड स्थित सरस्वती कॉलोनी के निकट संचालित पाल ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान का संचालन आकाश पाल द्वारा किया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान चार बड़े बर्तनों में लगभग 550 किलोग्राम टमाटर सॉस पैकिंग के लिए तैयार अवस्था में मिला। टीम ने मौके से टमाटर सॉस और व्हाइट विनेगर के नमूने विधिक प्रक्रिया के तहत एकत्र कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। जांच के दौरान निर्माण प्रक्रिया तथा स्वच्छता मानकों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर मौके पर उपलब्ध पूरा सॉस स्टॉक नष्ट करा दिया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता की उत्पादन गतिविधियां तत्काल प्रभाव से रोकते हुए निर्माण मशीन को अगले आदेश तक सीज कर दिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने कहा कि जनपद में मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, शिवनाथ और महेश कुमार भी शामिल रहे। विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित