सहारनपुर , अक्टूबर 26 -- जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सहारनपुर अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के संबंध एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि मतदेय स्थलों के अंतर्गत प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम मतदाताओं की संख्या 1,200 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को अपने मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े तथा सभी मतदेय स्थल भूतल पर स्थित हों, इसका विशेष ध्यान रखा गया है। नए एवं प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में राजनीतिक दलों के सुझाव एवं परामर्श आमंत्रित किए थे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं मतदाता-अनुकूल बनाया जा सके। संभाजन पर सभी राजनैतिक दलों ने सहमति प्रकट की।
श्री चौहान ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने, त्रुटियों के सुधार तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने से न छूटे। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं का फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि 01 जनवरी, 2027 के अतिरिक्त 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर, 2027 की अर्हता तिथियों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं समाज के कमजोर वर्गों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्वाचन संबंधी कार्यवाही पूर्ण करें, ताकि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, संबंधित उप जिलाधिकारी, सपा से चौ० अब्दुल गफूर, अपना दल से राजकुमार, भाजपा से योग चुग, विपिन चौधरी आदि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित