सहारनपुर , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र में इंटर कॉलेज की एक छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य छात्रा आरोपी के घर पर बेहोशी की हालत में मिली, जबकि तीसरी छात्रा बाद में सकुशल मिल गई।
पुलिस उपाधीक्षक सदर विकास प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि एक इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की तीन छात्राएं गुरुवार को कॉलेज नहीं पहुंचीं। इस पर कॉलेज प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि तीनों छात्राएं निर्धारित समय पर घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं।
उन्होंने बताया कि एक छात्रा के पिता कॉलेज पहुंचे, जहां जानकारी मिली कि तीनों छात्राएं आपस में सहेलियां हैं और अक्सर चिलकाना क्षेत्र के सुल्तानपुर कस्बा निवासी दक्ष शर्मा से मिलने जाती थीं। इसके बाद परिजन दक्ष शर्मा के घर पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर वे छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार घर के अंदर एक छात्रा अपनी चुनरी के सहारे फंदे से लटकी मिली, जबकि दूसरी छात्रा चुनरी टूट जाने के कारण एक तख्त पर बेहोशी की हालत में पड़ी थी। इस दौरान दक्ष शर्मा मौके से फरार हो गया। तीसरी छात्रा बाद में सकुशल मिल गई।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि जांच में सामने आया है कि सुल्तानपुर निवासी दक्ष शर्मा (19) ने छात्राओं को बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसा रखा था। मृतक छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी दक्ष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित