सहारनपुर , जून 24 -- सहारनपुर जिले की बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने गौकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन गौकशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक जिंदा गौवंश तथा गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह के नेतृत्व में बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ग्राम झीबरहेड़ी और ग्राम हमीरपुर के बीच स्थित एक पोपलर के खेत में ट्यूबवेल के पास से नौशाद पुत्र रिजवान निवासी नियामतपुर थाना बेहट, हारून पुत्र जाहिद निवासी चक अवाबाकरपुर नौगांव थाना मिर्जापुर तथा फुरकान पुत्र सुक्कड़ निवासी लामग्रांट थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी घने जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा गौवंश, तीन प्लास्टिक की रस्सियां तथा गौकशी में प्रयुक्त होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना बिहारीगढ़ में गौवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि वे रात के समय जंगलों में घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर उनकी गौकशी करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्वीकार किया कि पिछली रात भी वे इसी उद्देश्य से ग्राम झीबरहेड़ी के जंगल में पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित