सहारनपुर , अगस्त 5 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कांवड़ यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। नगर आयुक्त शिपू गिरि ने बुधवार को बताया कि जनपद के 13 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग और 44 कांवड़ शिविरों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, कूड़ा निस्तारण तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नौ एसएसआई, 34 सफाई नायक और 211 सफाई मित्रों की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी निर्धारित क्षेत्रों में लगातार सफाई, कूड़ा संग्रहण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं।

नगर आयुक्त ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग पर छह स्थायी शौचालय, 10 अस्थायी शौचालय, 18 मोबाइल शौचालय तथा चार पिंक शौचालय स्थापित किए गए हैं। इनकी नियमित सफाई और रखरखाव के लिए दो शौचालय टैंक सफाई वाहन लगाए गए हैं। वहीं, निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दो पानी के टैंकर लगातार संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कूड़ा प्रबंधन के लिए मार्ग पर सात बड़े डस्टबिन लगाए गए हैं। नियमित कूड़ा उठान के लिए आठ कूड़ा संग्रहण टैंपो तथा कूड़े के त्वरित निस्तारण के लिए एक क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) वाहन भी तैनात किया गया है।

नगर आयुक्त शिपू गिरि ने कहा कि वर्षा के दौरान जलभराव की संभावित समस्या से निपटने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखे गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित