सहारनपुर , अक्टूबर 06 -- विपक्षी दलों के दिल्ली में चुनाव आयोग दफ्तर के घेराव और जंतर मंतर पर वोट चोरी के विरुद्ध प्रदर्शन की अपील के मद्देनजर सहारनपुर में कांग्रेसजनों को उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया। कांग्रेस के सूत्रों ने दावा किया कि कांग्रेस के पूर्व विधायक मसूद अख्तर, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, एससी एसटी विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल, महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी हरिओम मिश्रा आदि को पुलिस ने उनके घरों में हाउस अरेस्ट किया हुआ है। जिला उपाध्यक्ष, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, सेवादल महानगर अध्यक्ष अनुज शर्मा आदि के घर भी जब पुलिस पहुंची तो वे घर पर नहीं थे, जिसकी वजह से उन्हें अभी तक हाउस अरेस्ट नहीं किया जा सका ।
पार्टी के जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने इसे भाजपा सरकार की दमनकारी नीति बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घबरा गयी है और हाउस अरेस्ट कर लोकतंत्र का गला घोट रही है । उन्होंने कहा कि सरकार को आईना दिखाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गैर संवैधानिक तरीके से हाउस अरेस्ट करके उन्हें दिल्ली जाने से रोका जा रहा है ।
गणेश दत्त शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के नोटिस जारी होने के बाद अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चारों ओर से घिरते हुए नजर आ रहे हैं और उनके सिर पर भाजपा सरकार के वरदहस्त की पोल भी खुल चुकी है । ज्ञानेश कुमार की विदाई तो तय है ही, साथ ही देश में लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए केंद्र की मोदी सरकार का जाना भी जरूरी है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित