सहारनपुर , जून 30 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सहारनपुर के संक्षिप्त दौरे पर आएंगे। वह यहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे तथा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित है। मुख्यमंत्री सबसे पहले ग्राम इस्माईलपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित 'स्कूल चलो अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह महाराज सिंह कॉलेज ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के उपरांत मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों के आसपास 500 मीटर की परिधि को 'नो-फ्लाइंग जोन' घोषित किया गया है। इस अवधि में कार्यक्रम शुरू होने से तीन घंटे पूर्व तथा कार्यक्रम समाप्त होने के तीन घंटे बाद तक ड्रोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उड़ान उपकरणों तथा पतंग उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित