सहारनपुर , जुलाई 16 -- विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुस्लिम और दलित बहुल क्षेत्रों में विभिन्न दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में एआईएमआईएम प्रमुख एवं हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन औवेसी तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रस्तावित सहारनपुर दौरों ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

एआईएमआईएम के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी मेहताब चौहान ने गुरुवार को बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी 18 जुलाई को सहारनपुर नगर के 62 फुटा रोड क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार कर रही है।

इस दौरान मेहताब चौहान ने समाजवादी पार्टी के दो स्थानीय नेताओं हुसैन जिलानी और साजिद प्रधान के एआईएमआईएम में शामिल होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पहले इंडिया गठबंधन के साथ चुनावी तालमेल का प्रयास करेगी और यदि ऐसा संभव नहीं हुआ तो उत्तर प्रदेश में लगभग 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने पर विचार करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यकों के हितों की पर्याप्त पैरवी नहीं कर रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अल्पसंख्यकों की आवाज को मजबूती देने का प्रयास करेगी। उधर, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी राघवदास अग्रवाल ने देवबंद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की करीब डेढ़ दर्जन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी दलितों और वंचित वर्गों के बीच अपना जनाधार बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व उन्हें सहारनपुर जिले की किसी एक विधानसभा सीट, संभवतः देवबंद से चुनाव मैदान में उतार सकता है। इसी उद्देश्य से वह क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क और संगठन विस्तार का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चिराग पासवान अगस्त में सहारनपुर और देवबंद का दौरा करेंगे तथा पार्टी के विभिन्न सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। साथ ही वह आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत प्रदेश में भाजपा गठबंधन के समर्थन में भी चुनावी सभाएं करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित