औरैया , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय माध्यमिक विद्यालयी भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) प्रतियोगिता में औरैया जिले ने सफलता का परचम लहराया है। प्रतियोगिता के अंडर-19 (यू19) वर्ग में श्री गजेंद्र सिंह पब्लिक इंटर कॉलेज, बिधूना के होनहार एथलीट शिवम् यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) अपने नाम किया।
शिवम् यादव ने प्रतियोगिता की शुरुआत से ही अपने बेहतरीन शक्ति-प्रदर्शन और अनुशासन से प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया। इस स्वर्ण पदक की बदौलत उन्होंने जिले का नाम रोशन करने के साथ ही आगामी राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता के लिए भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है। शिवम ने स्नैच में 98 किलो एवं क्लीन एंड जर्क में 115 किलो यानि कुल 213 किलो वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित