सहारनपुर 21 सितम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ऐतिहासिक मेला गुघाल सोमवार को छड़ी पूजन के साथ शुरु हो गया।
मेले का शुभारंभ महापौर अजय सिंह ने किया। उन्होने मेले के निर्विघ्न संपन्न होने तथा महानगर में सद्भाव, शांति और परस्पर भाईचारा बने रहने के लिए भी श्री जाहरवीर गोगा जी से आशीर्वाद लिया। मेला सह-संयोजक व पार्षद सीमा कात्यायनी, ज्योति अग्रवाल तथा अन्य दो सह संयोजक पार्षदों के प्रतिनिधि अनिल शर्मा व नितिन जाटव के अतिरिक्त अनेक पार्षद मौजूद रहे।
डॉ कुमार ने इस अवसर पर कहा कि मेला गुघाल एक ऐतिहासिक और समता व समरसता का मेला है, इसे और अधिक भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए नगर निगम द्वारा व्यवस्था और विकास की दृष्टि से अनेक कार्य कराए गए हैं। सड़के चौड़ी और पक्की कराई गई है, सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में सीसीटीवी लगाए गए हैं। प्रयास यह है कि यह मेला सद्भाव के साथ गत वर्षो की अपेक्षा और अधिक भव्यता के साथ आयोजित हो।
उन्होंने सभी से परस्पर सहयोग देते हुए मेले में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। नगर विधायक राजीव गुंबर , जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम , संघ के विभाग प्रचारक कुलदीप कुमार आदि ने भी संबोधित करते हुए कहा कि मेला गुघाल सहारनपुर ही नहीं पूरे देश में सद्भाव के प्रतीक के रूप में माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित