सहारनपुर , मार्च 20 -- रमजान माह के समापन के साथ ईद-उल-फितर की तैयारियों को लेकर सहारनपुर में प्रशासन सतर्क है और नमाज स्थलों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में ईदगाहों एवं प्रमुख मस्जिदों में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। हाल की बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिसे लेकर वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थलों पर ही नमाज अदा करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
इधर, ईद को लेकर शहर के बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी के लिए देर रात तक बाजार खुले रहे और दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही। जिले में हजारों मस्जिदों में ईद की नमाज अदा किए जाने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित