सहारनपुर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के देवला गांव के पास बुधवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान देवला से सरकड़ी खुमार जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। दूसरे बदमाश ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भागकर फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि घायल बदमाश की पहचान महताब के रूप में हुई है, जो थाना कोतवाली देहात का हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी है। वह थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमा संख्या 26/2026 धारा 317(5) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 646/2025 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस में वांछित चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। एसएसपी ने बताया कि महताब के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या और नकबजनी समेत लगभग डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार बदमाश की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित