सहारनपुर , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में गौकशी से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को थाना फतेहपुर और थाना कोतवाली देहात पुलिस की अलग-अलग मुठभेड़ों में दो आरोपित पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि इब्राहिमपुर हिंडन नदी क्षेत्र के पास जंगल में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में रफी उर्फ राफा पुत्र सलामू निवासी गांव चौबारा, थाना फतेहपुर, दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
एक अन्य घटना थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस के साथ मुठभेड़ में अलीशान पुत्र कुर्बान निवासी शेखपुरा कदीम दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपितों के कब्जे से संबंधित साक्ष्य बरामद किए गए हैं तथा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में हाल के दिनों में गौकशी के मामलों को लेकर पुलिस अभियान तेज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपितों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित