सहारनपुर , जनवरी 20 -- सहारनपुर जिले के सरसावा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक अमीन ने कथित रुप से परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सभी के शव एक कमरे में पड़े मिले हैं।
पुलिस का अनुमान है कि अवसाद और घरेलू क्लेश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस वारदात के कारणों की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार तड़के तीन और चार बजे के बीच अमीन अशोक राठी (40) ने अपनी मां विद्यावती (70), पत्नी अंजलि (37), दो बेटों कार्तिक (16) और देव (13) की देशी तमंचों से नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी और खुद भी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर डीआई अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी देहात सागर जैन, सीओ नकुड़ रूचि गुप्ता मौके पर पहुंचे। एसएसपी आशीष तिवारी ने मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों को घटना के बारे में शुरूआती जानकारी देते हुए बताया कि अशोक राठी ने गांव सढ़ौली नकुड़ निवासी अपनी बहन मोहिनी को तड़के 3.12 मिनट पर वाईस मैसेज भेजकर बताया कि वह इस घटना को अंजाम देने जा रहा है।
पुलिस ने मोहिनी का मोबाइल कब्जे में ले लिया है जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। मौके पर इन पांचों जनों के शव घर के एक ही कमरे में पड़े मिले और अशोक राठी के दाएं हाथ की ओर गोलियों से भरे तीन देशी तमंचे पड़े मिले।
पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने बताया कि इस मामले की जानकारी सबसे पहले सरसावा में ही रहने वाली अशोक राठी की बहन को मिली जिनके पति अन्य लोगों को लेकर अशोक राठी के मकान पर पहुंचे। दरवाजा भीतर से बंद था। सीढ़ी की मदद से वे लोग मकान की पहली मंजिल पर किचन के रोशनदार की जाली तोड़कर किसी तरह अंदर घुसे तो उन्होंने मकान के एक कमरे में इन पांचों लोगों के शव रक्तरंजित पड़े देखे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि पुलिस ने पांचों शवों का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और धीरे-धीरे अशोक राठी के सभी सगे संबंधी उनके मकान पर पहुंच गए। एसएसपी तिवारी ने कहा कि पुलिस हर बिंदु की बारीकी से जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस मृतक अशोक राठी के स्वास्थ्य संबंधी मामलों की जानकारी लेने का काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित