सहारनपुर , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। शहर की मुख्य ईदगाह सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि शहर की मुख्य ईदगाह पर शांतिपूर्ण ढंग से नमाज सम्पन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया और शहर में ट्रैफिक सामान्य रूप से संचालित होता रहा।
एसएसपी ने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पीएसी और आरएएफ की कंपनियों की भी तैनाती की गई। ईद-उल-अजहा के अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के विभिन्न नमाज स्थलों का दौरा कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सतर्क निगरानी तथा संवेदनशील बिंदुओं पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित