सहारनपुर , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल में सहारनपुर मंडल के दो जिलाधिकारी भी प्रभावित हुए हैं। सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल का तबादला आगरा के जिलाधिकारी पद पर किया गया है, जबकि शामली के जिलाधिकारी अरविंद चौहान को सहारनपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
मनीष बंसल 26 जून 2024 को संभल से सहारनपुर आए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यकुशलता, विकास योजनाओं में तेजी तथा स्वच्छ और संवेदनशील प्रशासन के लिए पहचान बनाई। सहारनपुर में उन्होंने 53 किलोमीटर लंबी सिंधुली नदी के पुनर्जीवन अभियान को गति दी। इससे पहले संभल में भी वह एक मृतप्राय और सूखी नदी को पुनर्जीवित कराने के लिए चर्चा में रहे थे।
सूत्रों के अनुसार 36 वर्षीय मनीष बंसल शैक्षणिक रूप से भी उल्लेखनीय उपलब्धियां रखते हैं और आईआईटी दिल्ली से शिक्षित हैं। उन्हें सोमवार को एक सादे समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। उन्होंने अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन का आभार व्यक्त किया।
वहीं शामली के जिलाधिकारी अरविंद चौहान को सहारनपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद चौहान 15 सितंबर 2024 से शामली में तैनात थे। वह मूल रूप से बलिया जनपद के निवासी हैं और मंगलवार को सहारनपुर में कार्यभार ग्रहण करेंगे। सरकार के इस तबादला आदेश को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित