सहारनपुर , सितंबर 12 -- सहारनपुर जिले में अवैध खनन और परिवहन फरार खनन माफिया हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला के समय की याद दिला रहा है। बड़े पैमाने पर अवैध खनन ने पुलिस प्रशासन के नाक में दम कर रखा है।

थाना मिर्जापुर, थाना बेहट, थाना चिलकाना, थाना सरसावा, थाना नकुड़ क्षेत्रों में भारी पैमाने पर अवैध खनन जारी है। पुलिस प्रशासन की सख्ती का भी असर नहीं दिख रहा है। इसकी बड़ी वजह सत्तारूढ़ दल के लोगों के इस काले धंधे में शामिल होने की संलिप्तता है। आज एक ही दिन में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने 25 अवैध खनन से लदे वाहनों को जब्त किया है। कल भी आधा दर्जन वाहनों को जब्त किया गया था।

थाना चिलकाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने आज बताया कि दुमझेड़ा मार्ग पर बिना रायल्टी वाले और ओवरलोड खनन सामग्री से लदे 14 ट्रैक्टर ट्राली जब्त किए गए हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि थाना मिर्जापुर क्षेत्र में हथनीकुंड-गंदेवड़ मार्ग पर 11 डंपर और एक जेसीबी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। वहां के एसएचओ अक्षय शर्मा ने बताया कि वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित