सहारनपुर , अक्टूबर 25 -- सहारनपुर जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में पोलिंग बूथों के सम्भाजन को लेकर समस्त राजनीतिक दलों के साथ उनके निवास स्थित सभागार में बैठक आयोजित हुई।

चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि आयोग के मानकों के अनुरूप 1200 से अधिक मतदाता वाले मतदेय स्थलों का युक्तिसंगत सम्भाजन किया गया है। इसके साथ ही कम मतदाता संख्या वाले एवं अव्यावहारिक मतदेय स्थलों का नियमानुसार नजदीकी बूथों में विलय किया गया है। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदान के दिन पोलिंग बूथों पर लंबी कतारों को कम करना तथा मतदाताओं को बिना किसी परेशानी के सुगमतापूर्वक मतदान का अवसर उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन द्वारा लोकतांत्रिक मर्यादाओं एवं पारदर्शिता का पालन करते हुए सम्भाजन के उपरांत मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची पहले ही सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई थी।

बैठक में बताया गया कि 25 अक्टूबर 2026 तक सूची के संबंध में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से लिखित सुझाव, आपत्तियां एवं फीडबैक प्राप्त किए गए हैं, ताकि आवश्यकतानुसार मतदेय स्थलों में व्यावहारिक परिवर्तन नियमानुसार किए जा सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी वैध सुझावों एवं आपत्तियों का गंभीरता से निस्तारण किया जाएगा। मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देने से पूर्व प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर विचार करते हुए सभी संबंधित पक्षों की सहमति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती लवी त्रिपाठी, समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट, महानगर अध्यक्ष भाजपा शीतल विश्नोई, सपा से चौधरी अब्दुल गफूर, कांग्रेस से सुधांशु धनगर तथा सांसदों एवं विधायकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित