सहारनपुर , अक्टूबर 26 -- सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में बलवे के मामले में वांछित 15 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को साखन कला रेलवे फाटक के पास से पकड़ा। उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार की तहरीर पर ग्राम साखन कला निवासी दो पक्षों के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोग अपने हाथों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। इस दौरान एक-दूसरे को निशाना बनाकर पत्थर भी फेंके गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल पैदा हो गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कई लोगों ने भय के कारण अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।

इस मामले में देवबंद थाने पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(1), 191(2), 115(2), 352 और 351(3) तथा सात सीएलए एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वकील पुत्र जाहिद, शहजाद पुत्र सगीर अहमद, शहनवाज पुत्र जमील, जैद पुत्र फुरकान, आशिफ पुत्र जाहिद, नफीश पुत्र बसीर, सालिक पुत्र भूरा, साकिब पुत्र जमीर, गुलफान अहमद पुत्र शरीफ अहमद, शारूख पुत्र मुत्नियाज, कुशनूर पुत्र शमशाद, जुनैद पुत्र शमशाद, सुहैल पुत्र आशिफ, भाविश पुत्र सतीश और सतीश पुत्र बारू को गिरफ्तार किया।

सभी आरोपी ग्राम साखन कला के निवासी हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित