सहारनपुर , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के देवबंद में आवारा कुत्तों के हमलों से दहशत का माहौल है। पिछले दो दिनों में कुत्तों ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है। देवबंद-गंगोह बाईपास स्थित नौगजा पीर क्षेत्र में कुत्तों ने अरशी जहां (16) और उसके भाई अरहम (4) समेत तीन लोगों को निशाना बनाया। हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। अरहम घर के बाहर खेल रहा था, तभी दो आवारा कुत्तों ने उसके चेहरे पर हमला कर दिया। भाई को बचाने आई बहन अरशी जहां भी हमले का शिकार हो गई। इसके बाद कुत्तों ने भायला रोड निवासी इनाम (42) को भी काट लिया।

घायल बच्चों के पिता शमीम के अनुसार, यदि आसपास के लोग मौके पर न पहुंचते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। चिकित्सकों ने अरहम के चेहरे पर करीब 50 टांके लगाए, जबकि अरशी जहां की आंख के पास 10 से अधिक टांके लगाने पड़े। बताया गया कि मंगलवार को भी इसी क्षेत्र में स्कूल जा रहे नर्सरी के छात्र जयान (5) और उसके भाई फवाज (7) पर कुत्तों ने हमला किया था। इससे पहले भी क्षेत्र में कुत्तों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के बावजूद आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित