सहारनपुर , अक्टूबर 18 -- चुनाव आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में पंजीकरण छूटे हुए एवं प्रथम बार/युवा निर्वाचकों के नाम के नाम सम्मिलित किए जाने के सम्बन्ध में विशेष अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदेश भर में दिनांक 17.10.2026 व दिनांक 24.10.2026 को बूथों पर विशेष कैम्प आयोजित किये जा रहे हैं।
मतदान स्थल पर बूथ लेविल अधिकारी प्रातः 10 बजे से अपराहन चार बजे तक बूथों पर रहेगें। उपजिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार व तहसीलदार बेहट विजय कुमार द्वारा विधानसभा 01 बेहट में मतदान केन्द्र पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय बेहट के कुल पांच मतदान स्थलों व जनता इंटर कालेज बेहट के कुल 14 मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा उपस्थित बीएलओ को निर्देशित किया गया कि किसी भी अर्ह मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में अंकित होने से न छूटे।
निरीक्षण के दौरान पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय बेहट के मतदेय स्थल संख्या 122 पर बीएलओ मंजूलता अनुपस्थित मिली। जिसके क्रम में अनुपस्थित बीएलओ का एक दिन का वेतन काटने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र प्रेषित किया गया। मतदेय स्थल संख्या 120 व 123 पर बीएलओ बुशरा व महजबीं के देरी से पंहुचने के कारण स्पष्टीकरण प्राप्त किया जा रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, बेहट, अधिशासी अधिकारी, छुटमलपुर व अधिशासी अधिकारी, बेहट को यह निर्देशित किया गया कि वह अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को घर-घर जाकर अर्ह नागरिकों जिनके नाम निर्वाचक नामावली में नहीं हैं अपना नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु प्रेरित करायें। जन साधारण के लिए सार्वजनिक स्थलों पर मुनादी करवाये जाने हेतु खण्ड विकास अधिकारी, मुजफ्फराबाद/साढौली कदीम व अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत, बेहट व छुटमलपुर को निर्देशित किया गया।
उपजिलाधिकारी द्वारा जनसाधारण को अवगत कराया गया कि वह अपना नाम मतदाता सूची में जुडवाने हेतु फार्म 6 अपने बूथ पर बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं या व अपना फार्म 6 ऑनलाइन भी भर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित